<p style=”text-align: justify;”>बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. उनकी 39 साल की शादीशुदा जिंदगी में कुछ ठीक नहीं चल रहा है. इस बीच दिवाली से पहले सुनीता आहूजा ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसे सुनकर फैंस भी भावुक हो गए. पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि अब दिवाली पर उन्हें अपना घर सूना-सूना लगता है और वो अकेले ही त्योहार मनाती हैं.
<p style=”text-align: justify;”>सुनीता आहूजा ने क्या कहा?
<p style=”text-align: justify;”>पिंकविला को दिए इंटरव्यू में सुनीता आहूजा ने अपनी दिवाली से जुड़ी पुरानी यादें शेयर की और बताया कि समय के साथ उनके परिवार में काफी बदलाव आ गया है. पहले त्योहार के मौके पर उनका घर रिश्तेदारों और बच्चों से भरा रहता था, लेकिन अब सभी बड़े हो गए हैं और अपनी-अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं. ऐसे में दिवाली पर उन्हें घर में पहले जैसी रौनक और चहल-पहल की कमी महसूस होती है. हालांकि, सुनीता ने ये भी बताया कि वो अकेले ही अपनी खुशियां ढूंढ लेती हैं और दीये जलाकर और मिठाई खाकर त्योहार मनाती हैं. 
<p style=”text-align: justify;”>सुनीता आहूजा हुईं इमोशनल
<p style=”text-align: justify;”>सुनीता आहूजा ने कहा, ‘पहले जब दिवाली होती थी, तो मेरा घर भरा-भरा रहता था. घर में सास होती थीं, भांजे और बच्चे होते थे. खूब चहल-पहल रहती थी, लेकिन अब बच्चे बड़े हो गए हैं और सास भी नहीं हैं. इसलिए अब घर सूना-सूना लगता है. मैं बच्चों से ये नहीं कह सकती कि तुम घर पर ही रहो. सभी अपनी-अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं और आप किसी को डिस्टर्ब भी नहीं कर सकते.'
<p style=”text-align: justify;”>’अब मैं अकेले ही अपनी खुशियां बना लेती हूं…'
<p style=”text-align: justify;”>उन्होंने इमोशनल होते हुए आगे कहा, ‘अब मैं अकेले ही अपनी खुशियां बना लेती हूं. घर में दीये जलाती हूं और मिठाई खाती हूं. डायबिटीज है, इसलिए सोच-समझकर खाती हूं, लेकिन अपनी दिवाली एंजॉय करती हूं.’ हालांकि, इस बयान में उन्होंने गोविंदा का नाम नहीं लिया.
<p style=”text-align: justify;”>सुनीता आहूजा ने गोविंदा को कहा ‘कंजूस'
<p style=”text-align: justify;”>सुनीता आहूजा ने इंटरव्यू में ससुराल में अपनी पहली दिवाली को भी याद किया. उन्होंने बताया कि शादी के बाद पहली दिवाली पर उनकी सास ने उन्हें एक खूबसूरत साड़ी और सोने का सेट गिफ्ट किया था. इतना ही नहीं, गोविंदा ने भी उन्हें दिवाली पर तोहफा दिया था. हालांकि, अब उन्हें लगता है कि गोविंदा थोड़े कंजूस हो गए हैं. 
<p style=”text-align: justify;”>सुनीता ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मेरी मदर-इन-लॉ ने मुझे बहुत अच्छी साड़ी और सोने का सेट गिफ्ट किया था. फिर मैंने उनसे तो लिया ही, गोविंदा से भी लिया था. अब गोविंदा थोड़ा कंजूस हो गया है. शादी पुरानी हो गई ना! अब देना चाहिए ना. घर की लक्ष्मी को देंगे ना, तो और लक्ष्मी आती है. इसलिए अपने घर की लक्ष्मी को देना तो चाहिए.'
<p style=”text-align: justify;”>कब हुई थी गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी?
<p style=”text-align: justify;”>बता दें कि गोविंदा और सुनीता ने 11 मई 1987 को गुपचुप शादी की थी. शादी के करीब दो साल बाद, 16 जुलाई 1989 को उनकी बेटी टीना आहूजा का जन्म हुआ. टीना के जन्म के बाद गोविंदा ने दुनिया के सामने अपनी और सुनीता की शादी का खुलासा किया था. इसके बाद 1 मार्च 1997 को कपल के बेटे यशवर्धन आहूजा का जन्म हुआ.